मुंबई। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के जंगल से एक 50 साल की महिला से जुड़ा अजीबो गरीब मामला सामने आया है। विदेशी महिला जंगल में लोहे की जंजीर से एक पेड़ से बंधी हुई पाई गई, महिला को देखकर लग रहा था, उसने कई दिन से कुछ खाया पीया नहीं है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां से करीब 450 किलोमीटर दूर सोनुरली गांव में एक चरवाहे ने शनिवार शाम को उसकी चीख सुनी। इसके बाद उसे जंजीरों से बंधा हुआ और परेशानी में देखकर चरवाहे ने पुलिस को सूचित किया। महिला कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी।
पुलिस ने क्या कहा?
वहीं, पुलिस ने इस मामले में कहा कि महिला जून में मुंबई आई थी। हालांकि, वह यहां किस कारण से आई थी इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस के एक अधिकारी ने जांच का हवाला देते हुए कहा कि ललिता कायी नाम की महिला 10 साल पहले योग और दवा सीखने के लिए तमिलनाडु आई थी, जहां उसने एक भारतीय व्यक्ति से शादी कर ली और कई सालों तक उसके साथ रही। इस दौरान उसने अपना आधार कार्ड भी बनवाया। उन्होंने आगे बाताया कि पति से अनबन के बाद कायी कुछ समय तक गोवा में रहीं और जून में मुंबई भी आईं।
सिंधुदुर्ग के ओरोस अस्पताल में चल रहा इलाज
अधिकारी ने बताया, ष्महिला को सावंतवाड़ी (राज्य के कोंकण क्षेत्र में) के एक अस्पताल और फिर सिंधुदुर्ग के ओरोस अस्पताल ले जाया गया। उसकी मानसिक और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए, उसे इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। वह खतरे से बाहर है। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
अमेरिकी पासपोर्ट की फोटो कॉपी सहित कई दस्तावेज बरामद
पुलिस के इस मामले में महिला के अमेरिकी पासपोर्ट की एक फोटोकॉपी के साथ-साथ तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया, पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, महिला पिछले 10 सालों से भारत में है, लेकिन मूल रूप से अमेरिका से है। अधिकारी ने आगे कहा, वह मानसिक समस्याओं से पीड़ित है और उसके पास से कई मेडिकल दस्तावेज मिले हैं।
तमिलनाडु में रह रही थी महिला
पुलिस को महिला के उसके तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड और उसके संयुक्त राज्य अमेरिका के पासपोर्ट की एक फोटोकॉपी मिली। उसकी पहचान ललिता कायी के रूप में की गई है। उसका वीजा खत्म हो गया है। अधिकारी ने आगे कहा, हम उसकी राष्ट्रीयता का पता लगाने के लिए इन सभी दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं। पुलिस विदेशी क्षेत्रीय रजिस्ट्रेशन कार्यालय के भी संपर्क में है।